“
गाँव का नाम था “शिवपुर” — एक साधारण सा गाँव, जहाँ की मिट्टी में अनाज कम और चुप्पी ज़्यादा उगती थी। यह चुप्पी सदियों से वहाँ के लोगों की ज़िंदगी का हिस्सा बन चुकी थी। वे अन्याय सहते थे, लेकिन उसका विरोध नहीं करते थे। ज़मींदार की लाठी और सरपंच के हुक्म ने लोगों की रीढ़ को इतना झुका दिया था कि कोई सिर उठाने का साहस ही नहीं करता।
लेकिन एक दिन शिवपुर की मिट्टी ने एक नई कहानी लिखी विरोध की कहानी।
बिंदु, एक 22 वर्षीय युवती, शिवपुर के स्कूल में अस्थायी शिक्षिका थी। शहर से पढ़कर लौटी थी, पिता की इच्छा के कारण। माँ पहले ही नहीं रही थी, और छोटे भाई-बहनों की जिम्मेदारी उसके कंधों पर थी। बिंदु ने किताबों से जो रोशनी पाई थी, वह उसे गाँव के अंधेरों में बाँटना चाहती थी।
पर गाँव में पढ़ाई का मतलब था—लड़कियाँ बस नाम भर स्कूल आएँ, लड़के इधर-उधर बैठकर समय बिताएँ और शिक्षक अनुपस्थित रहें। स्कूल भवन खंडहर था, और किताबें सिर्फ रिकॉर्ड में थीं।
बिंदु ने देखा कि यहाँ शिक्षा नहीं, केवल दिखावा था।
एक दिन बिंदु ने गाँव के सरपंच, रघुवीर सिंह, से मिलकर स्कूल की दशा सुधारने की बात कही। रघुवीर ने मुस्कराकर कहा, “बिटिया, बहुत सोचती हो। यह गाँव है, शहर नहीं। यहाँ सब ऐसे ही चलता है।”
बिंदु ने नम्रता से कहा, “अगर कुछ बदला नहीं गया, तो अगली पीढ़ी भी ऐसे ही अंधेरे में जिएगी।”
रघुवीर की आँखें लाल हो गईं, “तू अपने काम से काम रख। ये सुधार-उधार तेरे बस की बात नहीं।”
पर बिंदु चुप नहीं हुई। उसने स्कूल की तस्वीरें लीं, बच्चों के साथ बातचीत की, और ये सब सोशल मीडिया पर डाला। उसने ज़िला शिक्षा अधिकारी को शिकायत भेजी।
यह पहला विरोध था — एक शिक्षिका का सिस्टम के खिलाफ आवाज़ उठाना।
बिंदु के विरोध की खबर पूरे गाँव में फैल गई। कुछ लोगों ने उसे ‘बदतमीज़’ कहा, कुछ ने कहा ‘शहर से पढ़कर आई है, अकड़ दिखा रही है’। उसके पिता को पंचायत में बुलाया गया, उन्हें चेतावनी दी गई कि बेटी को काबू में रखें।
घर में तनाव बढ़ गया। पिता ने बिंदु से कहा, “बिटिया, तू क्यों झगड़े में पड़ती है? हमें शांति से जीना है।”
बिंदु ने कहा, “बाबा, चुप रहने से कुछ नहीं बदलेगा। कोई तो बोले, कोई तो लड़े।”
पिता ने सिर झुका लिया। वे जानते थे कि बेटी सही कह रही है, पर डर की बेड़ियाँ उन्हें बाँधे रखती थीं।
बिंदु का असर स्कूल के बच्चों पर पड़ने लगा। कुछ लड़कियाँ अब नियमित आने लगीं। एक दिन, मीरा नाम की लड़की ने कहा, “दीदी, क्या मैं भी आपकी तरह मास्टरनी बन सकती हूँ?”
बिंदु मुस्कराई, “क्यों नहीं? पर पहले तुम्हें डर से लड़ना होगा।”
मीरा का पिता शराबी था, और लड़कियों को पढ़ाना पाप समझता था। एक दिन उसने मीरा को स्कूल जाते हुए पीटा। बिंदु को पता चला तो वह मीरा के घर गई और उसका विरोध किया। मोहल्ले के लोग इकट्ठे हो गए
बिंदु ने पहली बार खुलकर भीड़ से कहा:
“हर बार चुप रहकर हमने औरत को बंदी बनाया है। क्या एक लड़की पढ़कर गाँव को रोशन नहीं कर सकती?”
लोग चुप थे, पर इस बार उनकी चुप्पी में हलचल थी।
रघुवीर सिंह को यह सब बर्दाश्त नहीं था। वह शिक्षा विभाग के लोगों को रिश्वत देता था, स्कूल के फंड हड़पता था। बिंदु उसके लिए खतरा बन गई थी। उसने अफवाहें फैलानी शुरू कर दीं — “बिंदु शहर से बदनाम होकर आई है”, “वह गाँव की लड़कियों को बिगाड़ रही है।”
एक रात, बिंदु के घर की दीवार पर कालिख पोत दी गई, “शहर वापस जा, नहीं तो अंजाम बुरा होगा।”
बिंदु डरी, पर टूटी नहीं। उसने पुलिस में शिकायत की, पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
बिंदु अब अकेली नहीं थी। मीरा, उसकी सहेलियाँ, कुछ नौजवान लड़के — सब उसके साथ आ गए। उन्होंने गाँव में पहली बार एक खुली बैठक रखी। इसमें बिंदु ने सबूतों के साथ बताया कि स्कूल का पैसा कैसे हड़प लिया गया।
लोगों ने पहली बार विरोध में नारे लगाए:
“अन्याय नहीं सहेंगे”,
“शिक्षा का हक़ माँगेंगे।”
रघुवीर सिंह चिढ़ गया। उसने गुंडों को भेजा, बिंदु को डराने के लिए। लेकिन इस बार पूरा गाँव उसकी रक्षा में खड़ा हो गया। महिलाओं ने लाठियाँ उठाईं, बुजुर्गों ने कहा, “अब बहुत हो गया।”
जिला अधिकारी को दोबारा शिक़ायत भेजी गई, मीडिया को बुलाया गया। इस बार बिंदु के पास गाँव की आवाज़ थी। जब कैमरे गाँव पहुँचे, तो बिंदु ने सबके सामने कहा:
“ये सिर्फ मेरा विरोध नहीं है। यह हर उस लड़की की आवाज़ है, जिसे चुप रहने को कहा गया। यह हर उस माँ का प्रतिकार है, जिसने अपनी बेटी को स्कूल भेजने का सपना देखा।”
जाँच हुई। रघुवीर सिंह पकड़ा गया, स्कूल के फंड में घोटाला साबित हुआ। उसे पद से हटाया गया। स्कूल को नए शिक्षक मिले, भवन की मरम्मत शुरू हुई।
बिंदु को सरकार ने सम्मानित किया, लेकिन वह शिवपुर नहीं छोड़ी। उसने एक लाइब्रेरी शुरू की, नाम रखा — “आवाज़।”
मीरा अब स्कूल की टॉपर थी, और कहती थी, “मैं भी दीदी की तरह बनना चाहती हूँ — सवाल पूछने वाली।”
गाँव में विरोध अब गुनाह नहीं, अधिकार बन चुका था। और यह सब हुआ एक लड़की के साहस से
यह कहानी हमें यह सिखाती है कि विरोध सिर्फ ऊँची आवाज़ या झगड़ा नहीं होता — वह सच्चाई का साथ देना होता है। अगर एक आवाज़ उठे, तो कई जुड़ती हैं, और बदलाव की शुरुआत होती है।

NSW अनुभवी लेखक -🥇

प्रातिक्रिया दे